पटना , अप्रैल 28 -- राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि इस घटना ने बिहार की चौपट कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है।
श्री यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री साम्राट चौधरी के गृह प्रखंड के पास सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में प्रवेश कर बेखौफ अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की मौत हो गई और सुल्तानगंज नगर परिषद सभापति राज कुमार उर्फ गुड्डू घायल हो गए। उन्होंने कहा कि इस दिल दहलाने वाली घटना ने बिहार की कानून व्यवस्था को उजागार कर दिया है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि राजग सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और जब सरकारी कार्यालय में पदाधिकारी तथा कर्मचारी सुरक्षित नहीं है,तो आम जनता का क्या हाल होगा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में सड़कों पर महिलाएं, दुकान में दुकानदार और कहीं भी आम नागरिक सुरक्षित नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित