लखनऊ , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कन्नौज में आयोजित एक कार्यक्रम में अव्यवस्था और देरी को लेकर नाराजगी जताई है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
पत्र में कहा गया है कि, रोमा स्मारक पर 26 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में असीम अरुण को मुख्य अतिथि के रूप में शाम 5:30 बजे आमंत्रित किया गया था। वह निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए, लेकिन वहां व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं थीं। बताया गया कि मुख्य आयोजक एसडीएम कार्यक्रम स्थल पर उनके पहुंचने के करीब 15 मिनट बाद पहुंचीं, जबकि इसके बाद भी कार्यक्रम समय पर शुरू नहीं हो सका।
मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि उन्हें लगभग 45 मिनट तक कार्यक्रम शुरू होने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मंच से लगातार यह घोषणा की जाती रही कि कार्यक्रम जिलाधिकारी के आगमन के बाद ही शुरू होगा, जबकि उनके आने के समय को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी।
असीम अरुण ने इसे असहज स्थिति बताते हुए कहा कि जिसके चलते उन्हें कार्यक्रम स्थल छोड़कर जाना पड़ा। उन्होंने पत्र में प्रशासनिक अनुशासन और समय की पाबंदी पर जोर देते हुए कहा कि सभी लोक सेवकों को इन मूल्यों का पालन करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित