बेतिया , मई 4 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने सोमवार को कहा है कि पार्टी के कार्यकर्ता मजबूत होंगे, तभी संगठन और सरकार को मजबूती मिलेगी।
श्री कुमार ने आज अपनी 'सद्भाव यात्रा' के क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित गांधी सभागार में आयोजित 'निशांत संवाद' कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी को मजबूत बनाने में उसके कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है और उनके मजबूत होने से पार्टी तथा उसकी सरकार मजबूत होती है।
श्री निशांत आज निश्चय रथ पर सवार होकर जैसे हीं सभागार पहुंचे, कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
जदयू नेता ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं से उनकी अपेक्षा है कि जिस प्रकार का प्रेम उनके पिता एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिला है, उसी प्रकार का स्नेह और समर्थन उन्हें भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित