कानपुर , फरवरी 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने बुधवार को कहा कि देश में चुनाव आयोग में पंजीकृत 137 राजनीतिक दलों में से केवल कुछ ही राष्ट्रीय दल हैं, लेकिन भाजपा ही ऐसा दल है जो अपने कार्यकर्ताओं को नियमित, सुनियोजित और वैचारिक प्रशिक्षण प्रदान करता है।
भाजपा कानपुर उत्तर जिला द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत केशवपुरम स्थित गार्डन विला में एक दिवसीय कार्यशाला में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की रीढ़ होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं और वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण से ही संगठन सशक्त बनता है। उन्होंने सभी मंडलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण महाअभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में चुनाव आयोग में पंजीकृत 137 राजनीतिक दलों में से केवल कुछ ही राष्ट्रीय दल हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा दल है जो अपने कार्यकर्ताओं को नियमित, सुनियोजित और वैचारिक प्रशिक्षण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा ने अनुशासन, विचार और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलते हुए जनता के बीच अपनी विश्वसनीय पहचान बनाई है।
देवेश कोरी ने कहा कि विपक्षी दलों में संगठनात्मक अनुशासन की कमी इसलिए दिखाई देती है क्योंकि उन्होंने कार्यकर्ताओं को वैचारिक प्रशिक्षण देने की परंपरा विकसित नहीं की। इसके विपरीत भाजपा का कार्यकर्ता विचार, व्यवहार और संगठन तीनों स्तरों पर प्रशिक्षित और प्रतिबद्ध होता है, जो पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
समापन सत्र में निर्णय लिया गया कि प्रशिक्षण महाअभियान के प्रथम चरण में 7 मार्च से 13 अप्रैल तक मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, ताकि बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाया जा सके। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण महाअभियान का संयोजक संतोष शुक्ला को तथा सह संयोजक के रूप में जितेंद्र विश्वकर्मा, आशा पाल और सत्यम गुप्ता को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यशाला में विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, विधायक नीलिमा कटियार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को और अधिक अनुशासित, विचारनिष्ठ और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित