पटना , दिसंबर 09 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अद्भुत सफलता कार्यकर्ताओं की दृढ़ता और निष्ठा का परिणाम है।

बिहार विधानसभा चुनाव में राजग की ऐतिहासिक और प्रचंड विजय के बाद आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारियों के सम्मान में आभार और अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने समारोह में आए सभी समर्पित पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि राजग के कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और जनता के विश्वास ने ही इस ऐतिहासिक विजय को संभव बनाया है। उन्होंने कहा कि राजग की जीत जनता के विश्वास की जीत है। ‎उन्होंने उपस्थित लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि आगे सभी लोग साथ मिलकर इसी ऊर्जा के साथ जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारी साथियों के समर्पण, कठिन परिश्रम और बूथ स्तर तक की मजबूत संगठनात्मक क्षमता को नमन करते हुए कहा कि सभी लोगों ने जिस दृढ़ता और निष्ठा के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में योगदान दिया, वही राजग की इस अद्भुत सफलता की असली शक्ति है।

‎ डॉ. जायसवाल ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि वह आगे भी इसी ऊर्जा और टीम भावना के साथ जनता की सेवा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ता ही हैं, जिनकी निष्ठा, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण ही पार्टी को निरंतर मजबूत बना रही है।

‎इस समारोह में भाजपा बिहार प्रदेश के संगठन महामंत्री भिखू भाई दालसानिया, प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, शिवेश राम, लाजवंती झा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया, सिद्धार्थ शंभू, धीरेन्द्र शर्मा, प्रदेश मंत्री एवं विधायक रत्नेश कुशवाहा, अशोक भट्ट, राजेश झा, आशुतोष कुमार सहित क्षेत्रीय प्रभारी, सह क्षेत्रीय प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, विधानसभा संयोजक एवं प्रभारी सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित