गुआडालाजारा (मेक्सिको) , मार्च 03 -- 'जालिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल' के सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंट्स उर्फ अल मेंचो को सोमवार को यहां के उपनगर जापोपान के एक कब्रिस्तान में चमकदार सुनहरे ताबूत में दफनाया गया।

एक संघीय अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए इस राज्य में भारी सैन्य उपस्थिति रही। दफनाने की जगह की जानकारी देने वाले अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बात की, क्योंकि वे इस मामले के लिए अधिकृत नहीं थे। अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने सुरक्षा कारणों से अल मेंचो के दफन स्थल की पुष्टि करने से इनकार कर दिया।

अंतिम संस्कार के जुलूस में बहुत सारे लोग शामिल हुए। इनमें से कई चिलचिलाती धूप में काले छाते लिए हुए थे और एक बैंड 'बांडा' नामक मेक्सिकन क्षेत्रीय संगीत बजा रहा था।

इस दौरान उसे विशाल फूलों के हार चढ़ाये गये। रविवार से ही एक शवगृह के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी, जहां बिना नाम वाले बड़े-बड़े फूलों के हार पहुंच रहे थे। कुछ हारों में फूलों से मुर्गे की आकृति बनी हुई थी। इसकी वजह यह थी कि ओसेगुएरा सर्वेंट्स को 'मुर्गों का स्वामी' भी कहा जाता था।

लगभग सभी फूल 'गुमनामों' ने भेजे थे। फूलों की संख्या इतनी अधिक थी कि उन्हें कब्रिस्तान तक ले जाने के लिए पांच ट्रकों की आवश्यकता पड़ी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित