जयपुर, सितम्बर 28 -- राजस्थान में कारागार विभाग में तेईस उप जेलरों को जेलर के पद पर पदोन्नत किया गया हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि वर्ष 2023-24 की उप जेलर से जेलर पद की पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) ने शुक्रवार और शनिवार को संवीक्षा परीक्षा आयोजित कर 21 उप जेलरों को पदोन्नत करने की सिफारिश की है। इसी वर्ष गत महीने दो उप जेलरों को गैलेंट्री प्रमोशन दिया गया था। इस प्रकार 23 उप जेलरों को जेलर पद पर पदोन्नत किया गया है। जेलर के पद जिला एवं केंद्रीय कारागार पर होते हैं।
समिति ने राजस्थान पुलिस एकेडमी में लिखित परीक्षा, आउटडोर परीक्षा तथा साक्षात्कार आयोजित कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। सदस्य सचिव पारस जांगिड के अनुसार अशोक पारीक, सुषमा सेन, दिव्या चौधरी, सतेंद्र, प्रियंका चौधरी, हिना, सुमन कुमारी, कविता बिश्नोई, रणवीर सिंह, हेमंत भारद्वाज, धर्मवीर (लिफाफा बंद), हेमराज वैष्णव, पवन डउकिया, ताराचंद शर्मा, महेश शर्मा, तरसेम सिंह, मोहम्मद आरिफ खान, ओम प्रकाश शर्मा, बीना मीणा, कालूराम मीणा तथा भगवान सहाय मीणा को पदोन्नत किया गया है। लोकोज्ज्वल सिंह तथा सुगर सिंह को गत महीने गैलेंट्री पदोन्नति दी गई थी। पहली बार एक साथ सात महिला अधिकारी जेलर पद के लिए पदोन्नत हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित