बड़वानी , मार्च 26 -- मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में मुख्यमंत्री पशुधन योजना के अंतर्गत संचालित डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनू योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक लक्ष्मण सिंह बघेल को निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई संभागीय समीक्षा बैठक में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े द्वारा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले को योजना के अंतर्गत 10 प्रकरणों का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन 24 मार्च 2026 तक की समीक्षा में पाया गया कि एक भी प्रकरण न तो बैंक द्वारा स्वीकृत हुआ और न ही किसी हितग्राही को राशि वितरित की गई।

समीक्षा के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि योजना शासन की प्राथमिकता में होने के बावजूद लगातार मॉनिटरिंग और निर्देशों के बाद भी जिले में प्रगति शून्य रही, जिससे संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।

संभागायुक्त ने पाया कि उप संचालक लक्ष्मण सिंह बघेल ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित रुचि नहीं ली और योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरती। इसे प्रशासनिक दृष्टि से अनुशासनहीनता मानते हुए उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।

जारी आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत है। नियम 9 के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई के तहत निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, जिला बड़वानी निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित