कानपुर , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर में 18 से 28 फरवरी तक विभिन्न विकासखण्डाें पर रबी कृषि निवेश मेले आयोजित किये जायेंगे।
उप कृषि निदेशक डॉ. आर. एस. वर्मा ने मंगलवार को बताया कि मेलों में किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्नत बीजों के प्रयोग, संतुलित उर्वरक उपयोग, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा वैज्ञानिक ढंग से कृषि निवेश के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि हो सके।
उन्होने बताया कि 18 फरवरी को चौबेपुर विकासखण्ड से मेले की शुरुआत होगी जबकि इसके बाद 19 फरवरी शिवराजपुर,20 फरवरी बिल्हौर,21 फरवरी ककवन,23 फरवरी बिधनू,24 फरवरी पतारा,25 फरवरी घाटमपुर, 26 फरवरी सरसौल,27 फरवरी कल्याणपुर और 28 फरवरी को भीतरगांव में मेला लगेगा। प्रत्येक स्थल पर नामित नोडल एवं पर्यवेक्षी अधिकारी पूर्ण रूप से उत्तरदायी रहेंगे।
मेलों में कृषि, सहकारिता, कृषि रक्षा, पशुपालन, उद्यान, वन, पंचायतीराज, वैकल्पिक ऊर्जा, सिंचाई, नलकूप एवं विद्युत विभागों के साथ निजी कंपनियां भी अपने स्टॉल लगाएंगी। उन्नत बीज, कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुमन्य अनुदान का लाभ किसानों को प्रदान किया जाएगा। राजकीय, सहकारी एवं अर्धसहकारी संस्थाओं के माध्यम से मानक गुणवत्ता के कृषि निवेश निर्धारित अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित