कानपुर , फरवरी 6 -- कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल के निर्देशन में प्रवर्तन (जोन-1बी) द्वारा शुक्रवार को लगभग 16 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध/अनाधिकृत प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में ग्राम ख्यौरा कटरी (गंगा बैराज से मंधना मोड़ की ओर) स्थित लगभग 7.5 बीघा तथा ग्राम ज्यौरा, आजाद नगर (गंगा बैराज से सिंहपुर रोड) स्थित लगभग 8.5 बीघा क्षेत्र में बिना तलपट मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जा रही प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। दोनों स्थलों पर अवैध रूप से विकसित किए गए प्रवेश द्वार, सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, विद्युत खंभे, पिलर तथा निर्मित/अर्धनिर्मित/निर्माणाधीन भवनों सहित समस्त संरचनाओं को तीन जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर अनिल शर्मा, रामऔतार, मनोज, राजकुमार, लाल सिंह तथा थाना बिठूर का पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण ने बताया कि थाना नवाबगंज, कल्याणपुर एवं बिठूर क्षेत्र के ग्रामों में लगभग 8 बीघा अवैध प्लाटिंग/निर्माण को चिन्हित किया गया है, जिन पर शीघ्र सीलिंग/ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित