कानपुर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि बर्रा विश्व बैंक कालोनी निवासी सागर पोरवाल की पत्नी श्रद्धा (28) का शव आज सुबह फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर थाना स्थानीय पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उन्होने बताया कि मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की शादी लगभग छह वर्ष पूर्व हुई थी। प्रकरण गंभीर प्रकृति का होने के कारण शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजन मौके पर उपस्थित हैं, अभी तक उनकी ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर प्राप्त होने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित