कानपुर , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र में एक पूजा सामग्री की दुकान से हुई मूर्ति चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गया लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने शनिवार को यहां पत्रकारों को बताया कि पांच मार्च को होली के अगले दिन नौबस्ता थाने से कुछ दूरी पर स्थित एक पूजा सामग्री की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। घटना के समय दुकान मालिक किसी कारणवश पीछे स्थित अपने घर में गया हुआ था। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे, जिनमें से एक बाहर बाइक पर खड़ा रहा जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुस गया। दुकान में घुसे आरोपी ने वहां से एक पॉलीथीन की बोरी लेकर उसमें लगभग छह मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री भर ली और अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।

घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने सक्रियता से जांच करते हुए 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया और चोरी गया करीब 10 लाख रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया। जांच के दौरान विवेक दीक्षित और शिवप्रसाद नामक दो आरोपियों की पहचान हुई, जिन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में पता चला कि दोनों ने चोरी की गई मूर्तियां और अन्य सामग्री कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र निवासी अनिल नामक व्यक्ति को बेच दी थीं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के आवागमन के मार्गों को ट्रैक करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी आरोपी बनाते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ पहले जुए से संबंधित एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की संस्तुति की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित