कानपुर , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला का क्षत विक्षत शव एक झाड़ी से बरामद किया। पुलिस ने बताया कि राम रतन नगर मोहल्ले में आज सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला का शव झाड़ियों में पड़ा हुआ है, जिसे जानवरों द्वारा बुरी तरह से काटा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम, फॉरेंसिक टीम, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) आशुतोष कुमार, पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी तथा अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला सावित्री प्रजापति (45) अपने घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक मंदिर में चल रहे गुरुवार रात करीब सात बजे जागरण कार्यक्रम में गई थी। करीब एक घंटा बिताने के बाद वह रात आठ बजे वहां से घर लौटने के लिए निकली, लेकिन अपने घर नहीं पहुंची। महिला के पति घर पर ही रहते हैं, जिन्होंने रात्रि में उसकी तलाश करने का प्रयास किया और मध्य रात्रि के करीब डायल 112 के जरिये पुलिस को सूचित किया। आज सुबह महिला की शव अर्धनग्न अवस्था में झाड़ियों में पड़ा मिला है।
सूत्रों के अनुसार महिला के साथ बलात्कार की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस की टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं तथा सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से विचार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित