कानपुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र में पुलिस ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस की फर्जी वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड, लाइटर पिस्टल, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर कल्याणी रोड स्थित कूड़ा घर के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से संजय कुमार सिंह नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी तरीके से खुद को दरोगा बताकर लोगों को पुलिस में नौकरी दिलाने का लालच देता था और उनसे मोटी रकम वसूलता था। वह पूरी पुलिस वर्दी, बेल्ट, जूते, पी-कैप पहनता था और कार पर फर्जी सरकारी नंबर प्लेट लगाकर घूमता था, जिससे लोग उसे असली अधिकारी समझ लेते थे।
आरोपी लखनऊ में प्राइवेट स्कूल और होटल किराए पर लेकर नकली परीक्षाएं और इंटरव्यू भी कराता था। पैसे लेने के बाद वह रिजल्ट में देरी का बहाना बनाकर अभ्यर्थियों को डराता और धमकाता था। इस गिरोह में उसके दो साथी दुर्गेश सविता और विजय चौहान भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं।
उन्होने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित