कानपुर , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि महाराजपुर के हाथीगांव निवासी विनय का विवाह पिछले साल 23 मई को अम्बेडकर नगर के खतनीपुर गांव अंतिमा उर्फ अन्नू से हुआ था। विवाह को अभी केवल आठ महीने ही हुए थे। पति विनय के अनुसार, घर में उसके माता-पिता, बड़े भाई की बेटी सुमन और पत्नी अंतिमा रहती थीं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह अंतिमा ने सिर दर्द की शिकायत की थी और उसके बाद कमरा बंद कर लिया।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे भतीजी सुमन ने विनय को फोन कर बताया कि चाची कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही हैं। जब दरवाजे की कुंडी तोड़कर देखा गया, तो अंतिमा कपड़े के टुकड़े के सहारे पंखे के कुंडे से लटकी हुई मिलीं।परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।
सरसौल चौकी प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित