कानपुर , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के सजेती क्षेत्र में पिछले दिनो हुयी चोरी का पर्दाफाश करते हुये पुलिस ने मंगलवार को दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ढाई लाख रुपये के अलावा सोने चांदी के आभूषण बरामद किये।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि दो दिन पहले सजेती क्षेत्र के नादुरपुर गांव के प्रधान राम प्रताप सिंह के आवास में चोरों ने सेंधमारी कर साढे तीन लाख रुपये कैश और जेवरात चोरी कर लिये थे। पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में पुलिस ने आज हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बा निवासी बिंदादीन और कैलाश निषाद को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर ढाई लाख रुपये की नकदी,50 ग्राम स्वर्ण और 250 ग्राम चांदी के जेवर के अलावा चांदी के तीन सिक्के बरामद कर लिये।
श्री चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार चोरों की बहन की शादी सजेती में हुयी थी जहां उनका आना जाना था और यहां रहने के दौरान उन्होने ग्राम प्रधान के आवास की रेकी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
उन्होने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ घाटमपुर,बिंदकी और कानपुर देहात में आधा दर्जन मुकदमे लंबित है। दोनो को जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित