कानपुर , मार्च 13 -- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय कानपुर द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों की दो दिवसीय प्रदर्शनी एवं ट्रेड फेयर-2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। यह प्रदर्शनी 12 और 13 मार्च को कार्यालय परिसर में आयोजित की गई थी, जिसमें योजना से जुड़े कारीगरों और लाभार्थियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। समापन सत्र के मुख्य अतिथि मेसर्स जेट निटवियर्स प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक बलराम नरूला ने लाभार्थियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने और डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजिटल लेन-देन को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें आधुनिक विपणन और तकनीक के माध्यम से देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमएसएमई-विकास कार्यालय के निदेशक विष्णु कुमार वर्मा ने कारीगरों को पारंपरिक व्यवसाय को मजबूत बनाने के साथ आधुनिक विपणन प्रणाली से जुड़ने और डिजिटल भुगतान अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे कारीगरों को बाजार में अधिक अवसर मिलेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित