कानपुर , मई 02 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के नौबस्ता क्षेत्र में शनिवार सुबह दो ट्रकों की भिड़ंत में एक वाहन के चालक और परिचालक की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह लगभग छह बजे थाना नौबस्ता बाईपास फ्लाईओवर पर ट्रक के चालक को संभवत: झपकी लगने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गया। इस हादसे में ट्रक में सवार चालक एवं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के कारण फ्लाईओवर में कई किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित