कानपुर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के शिवराजपुर क्षेत्र स्थित दरिया निवादा टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि पिछली 27 मार्च को टोल प्लाजा मैनेजर राहुल सिंह निवासी फतेहपुर द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में हरिओम मिश्रा (19) और प्रभात मिश्रा (25) के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। दोनों आरोपियों ने किसी बात को लेकर टोल मैनेजर से विवाद किया, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी उग्र हो गए और हंगामा करने लगे, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में कार्यपालक मजिस्ट्रेट बिल्हौर के समक्ष भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित