कानपुर , फरवरी 24 -- औद्योगिक नगर कानपुर में जीटी रोड स्थित गोल चौराहे से रामादेवी चौराहे तक एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 998.30 करोड़ रुपये की लागत को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट के जरिये यह जानकारी साझा की। उन्होने लिखा, " उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर रमादेवी से गोल चौराहा तक 4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के लिए 988.30 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति दी गई है। इस 10.160 किमी लंबाई वाले एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट कॉरिडोर पर 16 रेलवे क्रॉसिंग हैं, जिससे बहुत ज़्यादा ट्रैफ़िक जाम होता है। यह प्रोजेक्ट एलिवेटेड रोड से ट्रैफ़िक को गुज़रने देकर खास शहरी जंक्शनों पर जाम कम करेगा। इससे पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग -91 पर भारी जाम कम होगा, जिससे आने-जाने वालों का सफ़र का समय कम होगा और कानपुर शहरी इलाके में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी।"कानपुर महानगर की जनता के लिए यह परियोजना बहुप्रतीक्षित थी, जिसकी स्वीकृति से अब जल्द ही धरातल पर कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।

श्री गडकरी ने यह भी बताया कि प्रदेश के मैनपुरी, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जिले में 6 पुलों (काली नदी, गंगा नदी और राम गंगा नदी पर तीन बड़े पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग-730सी पर तीन छोटे पुल के निर्माण के लिए 753.60 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है। इस मार्ग परियोजना से पर्यटन के साथ साथ बौद्ध तीर्थयात्रियों के लिए संकिसा, कांवड़-यात्रा के लिए पांचालघाट और रामनगरिया मेले जैसी धार्मिक जगहों एवं भिंड-लिपुलेख कॉरिडोर पर कल्चरल, इंडस्ट्रियल और बिज़नेस ग्रोथ के मामले में क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होने कहा कि इस परियोजना से ट्रैफिक फ़्लो में काफ़ी सुधार होगा, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, यात्रा का समय कम होगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास में तेज़ी आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित