फर्रुखाबाद , मार्च 28 -- कानपुर सेंट्रल के निकट गंगा पुल पर मरम्मत कार्य के चलते कानपुर बांया किनारा रेलखंड पर स्थित रेलवे ब्रिज संख्या 110 पर मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण कई ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण (शॉर्ट ओरिजिनेशन/टर्मिनेशन) और मार्ग परिवर्तन किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने शनिवार को बताया कि पैसेंजर ट्रेन 55345 (लखनऊ जंक्शन-कासगंज) दो अप्रैल से 14 मई तक लखनऊ जंक्शन के बजाय कानपुर अनवरगंज से चलाई जाएगी। इस दौरान यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन-कानपुर अनवरगंज के बीच निरस्त रहेगी। पैसेंजर ट्रेन 55346 (कासगंज-लखनऊ जंक्शन) एक अप्रैल से 13 मई 2026 तक कानपुर अनवरगंज में ही यात्रा समाप्त करेगी। इस अवधि में यह ट्रेन कानपुर अनवरगंज-लखनऊ जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।
12180 आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस दो अप्रैल से 13 मई तक परिवर्तित मार्ग (मथुरा जंक्शन-कासगंज-शाहजहांपुर) से चलाई जाएगी। इस कारण ट्रेन यमुना ब्रिज, टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झींझक, रूरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल और उन्नाव स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। 12179 लखनऊ जंक्शन-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस दो अप्रैल से 13 मई तक उपरोक्त परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित