कानपुर , जनवरी 26 -- कानपुर नगर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोडीन युक्त कफ सिरप की अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 50 हजार के इनामी अभियुक्त को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रवण कुमार सिंह ने साेमवार का यहां पत्रकारां को बताया कि अपराध शाखा की टीम ने साइबर और सर्विलांस सेल की मदद से फरार अभियुक्त विनोद अग्रवाल को 25 जनवरी को नूंह (हरियाणा) से गिरफ्तार किया। अभियुक्त मेसर्स अग्रवाल ब्रदर्स का स्वामी है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2025 को बिरहाना रोड स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स अग्रवाल ब्रदर्स में औषधि निरीक्षक एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कोडीन युक्त कफ सिरप भारी मात्रा अवैध रूप से संग्रहित पाया गया था।
गहन जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने एक ही बिल के माध्यम से 32 हजार बोतलों की खरीद दर्शायी थी, जबकि कुल 89,600 बोतलें कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई की गई। दवाओं की बिक्री बिना वैध अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर एवं चिकित्सकीय पर्चे के की जा रही थी, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है ।
उन्होने बताया कि निरीक्षण के दौरान बिलिंग और लेनदेन से संबंधित कंप्यूटर एवं डिजिटल डाटा को जानबूझकर हटाया गया था, जिससे साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास स्पष्ट हुआ। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कई फर्जी फर्मों के माध्यम से दवाओं की आपूर्ति की जा रही थी। सत्यापन के लिए भेजे गए 47 पत्रों में से अधिकांश डाक से वापस आ गए, जिससे फर्मों के फर्जी होने की पुष्टि हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित