कानपुर , फरवरी 20 -- कानपुर यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 25 फरवरी से ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो के लिए क्यूआर कोड युक्त कलर कोड स्टीकर आवंटन अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोड आवंटन के लिये वाहन स्वामी को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाण पत्र लेकर अपने संबंधित थाने या सहायक पुलिस आयुक्त यातायात कार्यालय परिसर में बने काउंटर पर जाना होगा। वहां कर्मियों द्वारा सभी विवरण सॉफ्टवेयर में दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद स्वामित्व और पते के आधार पर संबंधित रूट का क्यूआर कोड युक्त कलर स्टीकर जारी किया जाएगा। यह स्टीकर निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार इस व्यवस्था से शहर में जाम की समस्या कम होगी, सत्यापित चालक और वाहन होने से यात्रियों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी तथा किसी आपराधिक घटना की स्थिति में वाहन और चालक की त्वरित पहचान संभव हो सकेगी। यात्री क्यूआर कोड स्कैन कर चालक और वाहन की जानकारी तत्काल प्राप्त कर सकेंगे। वहीं वाहन स्वामियों को कागजों की बार-बार जांच से राहत मिलेगी और अवैध वाहनों पर अंकुश लगने से वैध वाहनों को अधिक सवारी मिलने की संभावना रहेगी।

उन्होने बताया कि रूट एवं कलर जोन के तहत शहर को सात भागों में विभाजित किया गया है। रेड जोन में कोतवाली, फीलखाना, मूलगंज, कलक्टरगंज, हरवंश मोहाल, बादशाही नाका, अनवरगंज, चमनगंज, रायपुरवा और बेकनगंज थाना क्षेत्र शामिल हैं। ग्रीन जोन में नौबस्ता, किदवई नगर, बाबूपुरवा, रेलबाजार और सेन पश्चिम थाना क्षेत्र के वाहन संचालित होंगे तथा रामादेवी से नौबस्ता फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर चल सकेंगे। धानी जोन में बर्रा, गुजैनी, हनुमंत विहार, जूही और गोविंद नगर थाना क्षेत्र, ब्लू जोन में चकेरी, जाजमऊ और छावनी क्षेत्र, येलो जोन में कर्नलगंज, ग्वालटोली, सीसामऊ, बजरिया और कोहना क्षेत्र, वायलेट जोन में कल्याणपुर, पनकी, अरमापुर और रावतपुर क्षेत्र तथा पिंक जोन में काकादेव, स्वरूपनगर, नजीराबाद, फजलगंज और नवाबगंज थाना क्षेत्र के पंजीकृत वाहन शामिल किए गए हैं।

किसी भी प्रकार की शिकायत या असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक मीडिया हेल्पलाइन नंबर 9305104387 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित