कानपुर , मार्च 13 -- कानपुर के जिलापूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने दावा किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि फरवरी माह की तुलना में मार्च में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में वृद्धि हुई है, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि एक फरवरी से 11 फरवरी के बीच प्रतिदिन औसतन लगभग 20 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति की गई थी, जबकि एक मार्च से 12 मार्च के बीच यह संख्या बढ़कर औसतन 21 हजार से अधिक प्रतिदिन हो गई है। प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलापूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उपभोक्ता अपनी शिकायतें दूरभाष नंबर 0512-2988763 पर दर्ज करा सकते हैं, जबकि मोबाइल नंबर 6394616122 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत अथवा सूचना भेजी जा सकती है। इस नंबर पर कालाबाजारी से जुड़ी जानकारी भी दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि 13 मार्च को कंट्रोल रूम में लैंडलाइन के माध्यम से 130 तथा व्हाट्सएप के जरिए 92 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 79 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। वहीं 11 मार्च से 13 मार्च की शाम पांच बजे तक कुल 575 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 185 का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित