कानपुर , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर की कर्नलगंज पुलिस और सर्विलांस सेंट्रल जोन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को अवैध असलहा व देशी तमंचा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कर्नलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदा चौकी के पास एक खाली पड़ी पुरानी ब्रश फैक्ट्री के खंडहर से अवैध असलहा निर्माण की फैक्ट्री पकड़ी गई। मौके से सात देशी तमंचे, तीन अर्धनिर्मित तमंचे, कारतूस के खोखे, हथियार बनाने के उपकरण, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन सहित भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देशराज (55), मोहम्मद आलिफ (22) तथा चांद बाबू (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के विरुद्ध पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना कर्नलगंज में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित