हरिद्वार , अप्रैल 28 -- त्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को सीसीआर सभागार स्थित मेला नियंत्रण भवन में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की रणनीति तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ मार्ग से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर 30 जून तक पूरा किया जाए। जिन कार्यों का समय पर पूरा होना संभव नहीं है, उनके लिए ऐसी कार्ययोजना बनाई जाएगी जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित बनी रहे।
मेलाधिकारी सोनिका ने निर्देश दिए कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। घाटों और पुलों पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन सड़क कार्य दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। विद्युत विभाग को बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्रों में यातायात बाधित कर रहे बिजली के खंभों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने शहर में चल रहे सभी सीवरेज कार्यों को 30 जून तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश देते हुए अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित