धर्मशाला , फरवरी 13 -- हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले की एक प्राथमिक पाठशाला में गुरुवार को मिड-डे मील महिला कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

रिपोर्टों के अनुसार, देहरा उपमंडल में चनौर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला परिसर के भीतर दोपहर करीब 12:30 बजे यह घटना हुई जब चनौर निवासी विशंभर दास की पत्नी सुलोचना देवी स्कूल की रसोई में खाना बना रही थी। एक अज्ञात युवक ने कथित तौर पर उन पर खेती में इस्तेमाल होने वाले एक तेज धार वाले औजार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्कूल प्रधानाचार्य सरिता देवी ने बताया कि बच्चों की चीखें सुनकर वह बाहर भागीं और हमलावर को सुलोचना देवी पर बार-बार हमला करते देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए शिक्षकों ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें किसी भी नुकसान से बचाने के लिए तुरंत कमरों के भीतर बंद कर दिया।

कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन बताया जा रहा है कि हमलावर ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। इस बीच, पास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के शिक्षक भी मौके पर पहुंच गए और पत्थर बरसाकर आरोपी को भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह वहां से फरार हो गया।

देहरा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही डाडासीबा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़िता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डाडासीबा अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी ने कहा कि हत्या के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने कल देर शाम आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित