धार , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की कुक्षी तहसील में चूना पत्थर फैक्ट्री के विरोध के दौरान गिरफ्तार दो युवकों की रिहाई की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल सैकड़ों ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस दौरान विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। करीब पौन घंटे तक थाने पर बातचीत का दौर चला, जिसमें अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।

जानकारी के अनुसार राजस्थान की एक सीमेंट कंपनी को कुक्षी क्षेत्र के कई गांवों में चूना पत्थर की खोज के लिए लीज दी गई है। 19 फरवरी को कंपनी द्वारा कार्य शुरू करने के प्रयास के दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया था और इस दौरान कथित रूप से पुलिस-प्रशासन के वाहनों पर पथराव हुआ था। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हाल ही में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी के विरोध में क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल के नेतृत्व में करीब 250 ग्रामीण थाने पहुंचे और युवकों को तत्काल रिहा करने की मांग करने लगे। एसडीओपी सुनील गुप्ता और टीआई राजेश यादव ने विधायक व ग्रामीणों से चर्चा की।

विधायक बघेल ने आरोप लगाया कि प्रशासन कंपनी के पक्ष में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि फैक्ट्री के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाती है, तो उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। ग्रामीणों का विरोध करना गलत नहीं है।

विधायक ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन ने पूर्व में बिना अनुमति कार्य नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार युवकों को रिहा नहीं किया गया तो ग्रामीण सामूहिक रूप से थाने पर गिरफ्तारी देंगे। पुलिस ने मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित