रायपुर , जनवरी 14 -- कांग्रेस विधायकों की हालिया गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर जारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पोस्टर के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

श्री देव ने कहा कि भाजपा शुरू से यह स्पष्ट करती रही है कि कांग्रेस का रुख हमेशा से अपराध और अपराधियों के पक्ष में रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की धरती है और यहां किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या घोटाले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी कानून का उल्लंघन करेगा, उसे उसके कृत्यों का परिणाम भुगतना पड़ेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दोहराया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति पर सरकार काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा शासन में गलत कार्य करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो।

प्रदेश अध्यक्ष देव बुधवार को दिल्ली दौरे से लौटकर रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की और उन्हें छत्तीसगढ़ आगमन का निमंत्रण दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित