धारवाड़ , अप्रैल 12 -- कर्नाटक के धारवाड़ जिले में पुलिस ने कांग्रेस के युवा नेता फिरोज पठान की हत्या के मामले को सुलझाते हुए नौ आरोपियों में से आठ को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सब-सिटी पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद इस मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने आरोपियों की भूमिका की पहचान की और शेष आरोपी 'कैफ' की तलाश शुरू कर दी है, जो अभी फरार है।

कांग्रेस नेता पठान की हत्या शनिवार रात को मालापुर इलाके के हाशमी नगर स्थित उनके आवास पर की गई थी। पुलिस ने बताया कि यह हत्या निजी दुश्मनी और जमीन-जायदाद के सौदों से जुड़े विवादों का नतीजा थी।

जांचकर्ताओं के अनुसार मुख्य आरोपी मोहम्मद शाह ने अपने साथियों सद्दाम, गौस, परवेज, समीर और अन्य के साथ मिलकर, पिछले कुछ महीनों से चल रहे विवादों के बाद पठान को खत्म करने की साजिश रची थी।

पुलिस ने बताया कि पठान और मोहम्मद शाह के बीच पहले हुई एक कहासुनी ने दुश्मनी को जन्म दिया था, जो रियल एस्टेट मामलों को लेकर स्थानीय गुंडा तत्वों के साथ हुए मतभेदों के कारण और बढ़ गई थी।

उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर अपनी योजना को अंतिम रूप दिया और पठान की गतिविधियों पर नज़र रखी। जब वह रात करीब आठ बजे घर लौटे तो मोहम्मद शाह ने कथित तौर पर उन्हें गेट की ओर बुलाया और चाकू से उन पर हमला कर दिया।

पठान ने भागकर अपने घर के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और बार-बार चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी, जिसके बाद वे उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बाद में बेलगावी जिले की ओर भागते समय वेंकटापुर गांव के पास पठान का फोन फेंक गए। उन्होंने बताया कि पठान ने पहले भी अपनी जान को खतरा होने की शिकायत की थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित