हुबली , अप्रैल 27 -- कर्नाटक कांग्रेस में मंत्री पद की रेस में शामिल दिनेश गुंडूराव ने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर महत्वपूर्ण बयान देते हुए स्पष्ट किया है कि कांग्रेस में कोई असंतोष नहीं है बल्कि नेताओं की आकांक्षाएं हैं, जो एक स्वाभाविक प्रक्रिया है।

स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल रहे श्री गुंडूराव ने आंतरिक लॉबिंग को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच असंतोष की किसी भी बात से इनकार किया। उन्हाेंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह के घटनाक्रम एक 'स्वाभाविक प्रक्रिया' हैं और इनका प्रशासन या नीतिगत फैसलों पर कोई असर नहीं पड़ता।

उन्होंने मीडिया से कहा, "यह मुद्दा न तो राज्य के शासन को प्रभावित कर रहा है और न ही नीतिगत फैसलों को। इसमें न तो कोई असंतोष है और न ही कोई विवाद। पार्टी आलाकमान इस पर फैसला लेगा और सभी को वह फैसला मानना होगा।"राज्य सरकार के सत्ता में करीब तीन साल पूरे होने साथ ही कैबिनेट फेरबदल की उम्मीदें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस के कई विधायक मंत्रिमंडल में जगह पाने के इच्छुक हैं, जिससे पर्दे के पीछे की चर्चाएं और भी तेज हो गई हैं।

श्री गुंडूराव ने इन आकांक्षाओं को स्वीकार किया लेकिन साथ ही पार्टी अनुशासन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री बनने की इच्छा रखना एक आम बात है और इसे आंतरिक कलह या विवाद के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित