रायपुर , दिसंबर 01 -- ) छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस में असभ्य भाषा का प्रयोग करने की होड़ मची है। श्री पांडे ने बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं द्वारा जूते-चप्पल दिखाकर असभ्य भाषा के प्रयोग को कांग्रेस की पतित होती जा रही राजनीतिक संस्कृति का परिचायक बताया है और कहा कि लगातार हार से बौखलाई कांग्रेस के लोग अब सार्वजनिक रूप से अपने संस्कारों, आचरण और विचारों के पतन की पराकाष्ठा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस को अपने इस अलोकतांत्रिक तथा अमर्यादित आचरण के लिए प्रदेश की जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेसियों ने संवैधानिक गरिमा को तार-तार कर जन भावनाओं को अपमानित किया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों ने अपने उन्हीं राजनीतिक संस्कारों का प्रदर्शन बिलासपुर में किया जो उन्हें केंद्रीय से लेकर प्रदेश नेतृत्व से विरासत में मिले हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को मौत का सौदागर कहकर जिस असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया, उन्हीं शब्दों का प्रयोग आगे चलकर मोदी की मौत, मोदी की बोटी बोटी काटने तक जा पहुंची और अब राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अशिष्टता की सारी हदें लांघ रहे हैं और इसकी पराकाष्ठा तब हुई जब बिहार में मोदी की माताजी को लेकर की गये अपशब्दों का प्रयोग को पूरे देश ने सुना।

श्री पांडेय ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की चापलूसी करके आलाकमान की नजर में अव्वल बने रहने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसी असंसदीय परंपरा को आगे बढ़ाया और उनकी देखा-देखी प्रदेश के कांग्रेस नेता और पदाधिकारी भी न केवल भाषा का संयम खो रहे हैं अपितु अशिष्ट आचरण की हदें पार कर रहे हैं। सांसद पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का यह आचरण प्रदेश के जनादेश का अक्षम्य अपमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित