रायपुर , फरवरी 07 -- ) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस समिति की सचिव निवेदिता चटर्जी ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देकर संगठन के भीतर असंतोष को सतह पर ला दिया है। इस्तीफे के साथ उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर लंबे समय से उपेक्षा किए जाने और कोई जिम्मेदारी न सौंपने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज की स्थिति ऐसी नहीं है कि वे किसी को आगे बढ़ा सकें। कांग्रेस शुरू से ही स्वार्थ आधारित राजनीति करती रही है और यही वजह है कि आज तक प्रदेश कार्यकारिणी तक गठित नहीं हो पाई है।

श्री मिश्रा ने निवेदिता चटर्जी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस नेतृत्व के भरोसे नहीं रहना चाहिए। भाजपा विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जो कहती है, वह कभी ज़मीन पर उतार नहीं पाती।

बेहतर होगा कि वे भाजपा से जुड़ने पर विचार करें।

कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी विधायक मिश्रा ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा दोहरा रहा है। ऐसे लोगों से प्रशिक्षण लेने की बात की जा रही है, जिनके बयान पहले ही देश में मज़ाक का विषय बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रशिक्षण भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और आपसी स्वार्थ साधने का माध्यम बन गया है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को लेकर भी भाजपा विधायक ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज स्वयं असमंजस में हैं और कार्यकारिणी गठन करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्हें कई बार अवसर मिले, लेकिन हर बार संगठन को मजबूती देने में वे नाकाम साबित हुए।

भाजपा विधायक ने दावा किया कि कांग्रेस में शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक आपसी खींचतान और नेतृत्व की कमजोरी साफ दिखाई दे रही है, जिसका खामियाजा पार्टी को लगातार भुगतना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित