नयी दिल्ली , नवंबर 28 -- भारतीय जनता पार्टी ने आज कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता ही कांग्रेस मुक्त भारत बनाने में जुटे हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से अपने ही संघर्ष में उलझी हुई है। कर्नाटक में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कुर्सी की लड़ाई में व्यस्त हैं, वहीं बिहार में कार्यकर्ता गांधी-वाड्रा परिवार पर टिकट चोरी का आरोप लगा रहे हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर में कोई भी नेता कांग्रेस का प्रवक्ता बनने को तैयार नहीं है।

श्री भंडारी ने दावा किया कि कि कांग्रेस के अपने ही कार्यकर्ता पार्टी की राजनीति पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी तथ्य दर्शाते हैं कि आज कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के लिए कांग्रेस के अपने ही कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

श्री भंडारी ने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता मानते हैं कि गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक जमानत हमेशा जब्त होती रही है और आगे भी होती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई लोग भ्रष्टाचार की लड़ाई में लगे हैं, कहीं प्रवक्ता ढूंढने की लड़ाई में हैं, और कई टिकट चोरी की लड़ाई है। जिसके कारण आज कांग्रेस के ही कार्यकर्ता गांधी-वाड्रा परिवार के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे हैं।

श्री भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था, कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में आज उसकी पार्टी के ही कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित