पटना , मार्च 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की की दुकान है, जहाँ शीर्ष नेता चुनाव के समय टिकट देने के बदले पैसे लेते हैं।

श्री पटेल ने आज हरियाणा कांग्रेस की प्रमुख महिला नेता की तरफ से कांग्रेस पार्टी के प्रमुख व शीर्ष नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोपों की चर्चा की और बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रहे कथित भ्रष्टाचार और चुनाव के समय टिकट की सौदेबाजी का असली चेहरा उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि महिला नेता ने खुलकर कहा है कि कांग्रेस में चुनाव के समय टिकट देने के नाम पर पैसे लिए गए और इसके बाद भी टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यह आरोप पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को कटघरे में खड़े करता है।

भाजपा प्रवक्ता के अनुसार नेत्री ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के बड़े नेताओं प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, कोडिकुन्नील सुरेश ने अपने निजी सहायकों के माध्यम से टिकट के लिए पैसे लिए। यदि यह सच है तो यह देश की राजनीति के लिए बेहद चिंताजनक और शर्मनाक बात है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस की राजनीति अब सिद्धांतों और विचारधारा पर नहीं बल्कि धन और सौदेबाजी पर चल रही है।

श्री पटेल ने कहा कि यह वही कांग्रेस है जो वर्षों तक नैतिकता और पारदर्शिता की बात करती रही, लेकिन आज उसके भीतर ही भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर ही ऐसे आरोप लगने लगें, वहां संगठन की स्थिति और राजनीतिक संस्कृति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस आरोप से यह भी साफ हो गया है कि कांग्रेस में समर्पित कार्यकर्ताओं की कोई कद्र नहीं रह गई है। जमीनी स्तर पर वर्षों से मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर टिकट का खेल बंद कमरों में तय किया जाता है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि कांग्रेस आखिर किस नैतिक आधार पर राजनीति करने का दावा करती है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है और यही कारण है कि लगातार चुनावों में कांग्रेस की जमीन खिसकती जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित