जयपुर , अप्रैल 19 -- राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि मातृशक्ति को उनके अधिकार दिलवाने के लिए कांग्रेस सडक़ से सदन तक लड़ेगी और भारतीय जनता पार्टी के षड्यंत्र को आमजन के बीच उजागर करेगी।
श्री डोटासरा रविवार को यहां प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता आमजन के बीच प्रदेशभर में जन-जागरण के लिए जी-जान से जुटेंगे तथा प्रदेश के सभी 50 जिलों में कांग्रेस की महिला नेत्रियां भाजपा के षड्यंत्र एवं महिला विरोधी सोच को उजागर करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को निराश ही किया है किन्तु जब चलते चुनावों के बीच महिला आरक्षण बिल के लिए संसद सत्र बुलाया गया तो देश की आधी आबादी आशा से देख रही थी लेकिन भाजपा ने तुरन्त महिला आरक्षण लागू करने की बजाय अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए बिल पेश किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कांग्रेस को कोस रहे हैं कि महिलाएं माफ नहीं करेगी जबकि देश की महिलाएं भाजपा को माफ नहीं करेगी क्योंकि आधी आबादी की उम्मीदें भाजपा ने तोड़ी है। राजनैतिक प्रतिनिधित्व तो बाद में आता है जबकि सामाजिक प्रतिनिधित्व और सम्मान भी भाजपा ने महिलाओं को नहीं दिया। मणिपुर में महिलाओं के साथ बर्बरता हुई प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला, महिला पहलवानों के साथ दुव्र्यवहार हुआ प्रधानमंत्री चुप रहे, उन्नाव और हाथरस की घटनाओं पर भाजपा की एक महिला नेत्री की आंख में आंसू नहीं आये ऐसा दोहरा चरित्र भाजपा का देश की जनता माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक रैली निकाल कर महिला आरक्षण तुरन्त लागू करने के लिए मार्च निकालेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित