चंडीगढ़ , अप्रैल 15 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बुधवार को कहा कि संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों का प्रस्तावित 'परिसीमन' पंजाब जैसे उन राज्यों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक गुप्त हमला है, जिन्होंने बार-बार इस पार्टी को नकारा है।

उन्होंने कहा कि इससे राजनैतिक भेदभाव बढ़ेगा और देश का संघीय ढांचा और अधिक कमजोर होगा, जो पहले से ही भाजपा के निशाने पर है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि कांग्रेस परिसीमन के खिलाफ पूरे राज्य में एक जन-जागरण अभियान शुरू करेगी, क्योंकि इसका अंतिम उद्देश्य पंजाब जैसे उन राज्यों को सशक्त बनाना नहीं, बल्कि कमजोर करना है, जिन्होंने भगवा पार्टी को स्वीकार नहीं किया है।

साथ ही, राजा वड़िंग ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को चुनौती दी कि वह पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाये और इस कदम के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए परिसीमन के विरुद्ध एक प्रस्ताव पारित करे। उन्होंने 'आप' सरकार द्वारा ऐसा किये जाने पर संदेह जताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा भाजपा के लिए "पिछलग्गू" की भूमिका निभायी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन राज्यों को इससे नुकसान होगा, उनमें पंजाब, तमिलनाडु और केरल शामिल हैं, जिन्होंने हमेशा भाजपा को नकारा है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों को इससे भारी लाभ मिलेगा। उन्होंने सवाल किया, "क्या इसके बाद परिसीमन के वास्तविक लक्ष्य और उद्देश्य के बारे में कोई संदेह रह जाता है"राजा वड़िंग ने कहा कि भाजपा सरकार यह अच्छी तरह जानती है कि वह संसद में अपने दम पर इस कानूनको जबरदस्ती लागू नहीं कर सकती, इसलिए उसने महिला आरक्षण विधेयक को इसके लिए एक'कवच' के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने चेतावनी दी, " सरकार पिछले दरवाजे से कानून लाने की कोशिश कर रही है, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी।"उन्होंने याद दिलाया कि महिला आरक्षण विधेयक सितंबर 2023 में ही संसद में पारित हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित