रायपुर, जनवरी 10 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल, कवासी लखमा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के बाद अब साहू को फंसाया जा रहा है।
श्री बैज ने कहा कि यह सरकार द्वारा की जा रही विधायक की "राजनीतिक हत्या" है। कांग्रेस साहू की गिरफ्तारी का विरोध करती है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और कांग्रेस द्वारा इसे उजागर किए जाने के कारण ही विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कवर्धा में सात करोड़ के धान घोटाले, जम्बूरी में 15 करोड़ की गड़बड़ी, राजिम कुंभ टेंडर और जेम पोर्टल खरीदी में अनियमितताओं का हवाला देते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने तमनार और हसदेव में जनाक्रोश का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे षड्यंत्र रच रही है।
श्री बैज ने घोषणा की कि भाजपा सरकार की इस "तानाशाही" के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक और न्यायालय में भी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का झूठ जल्द ही पर्दाफाश होगा और कांग्रेस जनता के हक की लड़ाई जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित