भोपाल, सितंबर 26 -- भाजपा सरकार में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए बयान के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर ने जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में उनके बंगले का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेसजनों ने इस दौरान मंत्री विजयवर्गीय टिप्पडी को लेकर प्रतीकात्मक विरोध करते हुए उनके आदमकद पुतले की दो फुट लंबी जुबान का गंगाजल से शुद्धिकरण किया। जिला कांग्रेस ने कहा कि मंत्री की जुबान से हमेशा संस्कारहीन बातें ही निकलती हैं, इसलिए गंगाजल से उनकी जुबान को धोया गया ताकि आगे वह प्रदेश की भलाई और जनता के हित की बातें करें।
जिला कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुईं और बहन-बेटियों के अपमान को लेकर मंत्री विजयवर्गीय के प्रति अपना आक्रोश प्रकट किया।
इस विरोध कार्यक्रम में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना, मनोज शुक्ला, अमित शर्मा, आसिफ जैकी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती शबिस्ता जकी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती संतोष कंसाना, सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, पार्षद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित