मुंबई , मई 06 -- कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता गोपाल दादा तिवारी ने हाल ही में पांच राज्यों में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्तारूढ़ भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं, जांच एजेंसियों और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि 'इंडिया' गठबंधन संवैधानिक लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी एकजुट लड़ाई जारी रखेगा। श्री तिवारी ने कहा कि भाजपा ने विपक्षी दलों को निशाना बनाने और चुनावों को प्रभावित करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और यहां तक कि चुनाव आयोग जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक और संवैधानिक मानदंडों का बार-बार उल्लंघन किया है। इन चुनौतियों के बावजूद, पार्टी ने केरल और तमिलनाडु में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधनों की जीत को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
श्री तिवारी ने दावा किया कि विपक्षी दल लंबे समय से चुनाव आयोग के कामकाज पर चिंता व्यक्त करते रहे हैं। उन्होंने संवैधानिक संस्थानों की निष्पक्षता के प्रति बढ़ते अविश्वास के सबूत के रूप में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लगाये आरोपों का भी हवाला दिया।
पार्टी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनावों के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसियों और चुनाव आयोग की भूमिका ने गंभीर सवाल खड़े किये हैं। कांग्रेस नेता ने तर्क दिया कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों की दोषसिद्धि दर दर्शाती है कि इन संस्थानों का उपयोग निष्पक्ष जांच के बजाय राजनीतिक उत्पीड़न और दबाव की रणनीति के लिए अधिक किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उच्चतम न्यायालय सहित अन्य अदालतों ने कई मौकों पर ऐसी कार्रवाइयों की आलोचना की है। चुनाव आयोग के कुछ प्रक्रियात्मक मुद्दों के प्रबंधन का उल्लेख करते हुए श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि आधार से संबंधित दस्तावेजों की स्वीकार्यता और समय-सीमा के संबंध में न्यायपालिका को हस्तक्षेप करना पड़ा, जो उनके अनुसार, आयोग के कामकाज में खामियों को दर्शाता है।
पार्टी ने भाजपा के आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर कथित रूप से कार्रवाई करने में विफल रहने के लिए भी चुनाव आयोग की आलोचना की। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विपक्षी दलों से लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए और अधिक एकजुट होने का आह्वान किया है।
पार्टी प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि 2024 के आम चुनावों में कांग्रेस ने लोकसभा में अपनी सीटों की संख्या 52 से दोगुनी कर 102 कर ली है, जबकि भाजपा की संख्या 303 से घटकर 240 रह गयी है। पार्टी का दावा है कि यह एक मजबूत विपक्ष के लिए बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और शासन से जुड़े मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठा रहे हैं । इसके साथ ही वे पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी सहयोगियों के लगाये आरोपों को भी गंभीरता से ले रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित