रायपुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में प्रभारी नेताओं की नियुक्ति की है। यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान की समीक्षा के बाद लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि जिले के अंतर्गत बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर पर संगठन का ढांचा तत्काल प्रभाव से पूर्ण किया जाए।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी आदेश के अनुसार नियुक्त प्रभारी अपने-अपने जिलों में दो दिनों के भीतर दौरा कर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित करेंगे और संगठन विस्तार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। जिला कांग्रेस कमेटियों को ब्लॉक स्तर पर प्रभारियों का गठन करने के निर्देश दिए जाएंगे तथा जिलों के प्रमुख नेताओं, विधायकों और पूर्व विधायकों को बूथ कमेटी के गठन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

ब्लॉक अध्यक्षों को मंडल स्तर पर प्रभारी नियुक्त करने होंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि बूथ कमेटी का गठन संबंधित बूथ पर कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में बैठक कर सर्वसम्मति से किया जाए। बैठक की पूरी प्रक्रिया का फोटो और वीडियोग्राफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजना अनिवार्य रहेगा। गठन प्रक्रिया में उदयपुर नवसंकल्प शिविर में पारित प्रस्तावों का पालन भी किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी जिलों में प्रभारी नियुक्त किए हैं। इनमें रायपुर शहर के लिए अरुण वोरा, रायपुर ग्रामीण के लिए विनोद चंद्राकर, बलौदाबाजार के लिए कन्हैया अग्रवाल, गरियाबंद के लिए अमरजीत चावला, महासमुंद के लिए हितेन्द्र ठाकुर, धमतरी के लिए सकलेन कामदार, बालोद के लिए शाहिद खान, दुर्ग शहर के लिए सीमा वर्मा, दुर्ग ग्रामीण के लिए नवाज खान, भिलाई के लिए प्रमोद दुबे, बेमेतरा के लिए सुनील महेश्वरी, राजनांदगांव शहर के लिए दीपक दुबे, राजनांदगांव ग्रामीण के लिए ममता चंद्राकर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के लिए मुनेश्वर बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के लिए कुलबीर छाबड़ा, कवर्धा के लिए पदम कोठारी, जगदलपुर के लिए विमल सुराना, बस्तर ग्रामीण के लिए देवचंद मातलम, सुकमा के लिए अवधेश गौतम, नारायणपुर के लिए बीरेश ठाकुर, कोण्डागांव के लिए नरेश ठाकुर, बीजापुर के लिए उमाशंकर शुक्ला, कांकेर के लिए लेखराम साहू, दंतेवाड़ा के लिए रेखचंद जैन, बिलासपुर शहर के लिए सुबोध हरितवाल, बिलासपुर ग्रामीण के लिए शैलेश नितिन त्रिवेदी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के लिए शैलेश पाण्डे, मुंगेली के लिए प्रेमचंद जायसी, कोरबा शहर के लिए विजय केशरवानी, कोरबा ग्रामीण के लिए डॉ. विनय जायसवाल, जांजगीर-चांपा के लिए प्रशांत मिश्र, सक्ति के लिए नोबेल वर्मा, रायगढ़ शहर के लिए हरीश परसाई, रायगढ़ ग्रामीण के लिए आरती सिंह, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए चंद्रदेव राय, जशपुर के लिए भानुप्रताप सिंह, सरगुजा के लिए डॉ. प्रेमसाय सिंह, सूरजपुर के लिए डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव, बलरामपुर के लिए सफी अहमद, कोरिया के लिए डॉ. अजय तिर्की तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लिए मनोज गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस कमेटियों को संगठनात्मक ढांचे को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता और मजबूती सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित