कोंडागांव , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में अवैध पेड़ कटाई और लकड़ी की तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सौंपे ज्ञापन में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

कांग्रेस से आज मिली जानकारी के अनुसार ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पिछले कुछ समय से जिले में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और लकड़ी की तस्करी की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है। विशेष रूप से आम, इमली, बरगद और सेमल जैसे प्रजातियों के पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से ये प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर पहुंच गई हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि लकड़ी तस्करों का एक संगठित गिरोह इस इलाके में सक्रिय है, जो हरे-भरे पेड़ों को काटकर भारी वाहनों के माध्यम से जिले के बाहर तस्करी कर रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में कहा कि जिले में वन विभाग के चेक पोस्ट स्थापित होने के बावजूद इस प्रकार की अवैध गतिविधियों का जारी रहना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। इससे न केवल पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है, बल्कि वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि यह स्थिति वन विभाग की निष्क्रियता को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित