पटना , अक्टूबर 21 -- बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को बेटिकट कर दिया है, वहीं 12 फिर से चुनावी समर में अपने प्रतिद्धंदियों से लोहा लेते नजर आयेंगे।

इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने किशनगंज के विधायक इजहारूल हुसैन की जगह पूर्व विधायक मोहम्मद कमरूल होदा को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने कसबा से चार बार विधायक रहे पूर्व मंत्री मोहम्मद आफाक आलम की जगह मोहम्मद इरफान आलम, खगड़िया से छत्रपति यादव की जगह डॉ. चंदन यादव को उम्मदीवर बनाया है।महाराजगंज के विधायक दिग्गज कांग्रेसी नेता और छह बार के विधायक विजयशंकर दुबे को भी बेटिकट कर दिया गया है। इस बार के चुनाव में महागठबंधन में शीट शेयरिंग के तहत यह सीट राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को मिली है। राजद ने यहां विशाल जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह जमालपुर के विधायक अजय कुमार सिंह को भी बेटिकट कर दिया गया है। उकी जगह महागठबंधन के घटक इंडियन इंक्लूसिव पार्टी से नरेन्द्र तांती को उम्मीदवार बनाया गया है।

विक्रम विधानसभा के विधायक सिद्धार्थ सौरभ और चेनारी (सुरक्षित) के विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस का 'हाथ' छोड़ दिया था। श्री सौरभ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जबकि श्री गौतम ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से नाता जोड़ लिया था। श्री सौरभ भाजपा के टिकट पर विक्रम से जबकि श्री गौतम लोजपा (रामविलास) के टिकट पर चेनारी (सुरक्षित) सीट पर एक बार फिर से अपना जोर दिखाते नजर आयेंगे।

कांग्रेस ने अन्य 12 सीट पर अपने वर्तमान विधायकों पर भरोसा जताते हुये उन्हें चुनावी रणभूमि में फिर से उतार दिया है। इनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुटुंबा सुरक्षित से राजेश राम,अररिया से अबिदर रहमान,कदवा से शकील अहमद खान, मनिहारी (सुरक्षित) से मनोहर प्रसाद सिंह,मुजफ्फरपुर से विजेन्द्रचौधरी, राजापाकड़ (सुरक्षित) से प्रतिमा कुमारी, भागलपुर से अजीत कुमार शर्मा ,बक्सर से संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी,राजपुर (सुरक्षित) से विश्वनाथ राम, करगहर से संतोष कुमार मिश्र,औरंगाबाद से आनंद शंकर सिंह और हिसुआ से नीतू कुमारी शामिल है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें 19 ने सफलता का परचम लहराया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित