चंडीगढ़ , फरवरी 09 -- हरियाणा कांग्रेस ने संगठन विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए चार नई जिला कार्यकारिणियों का गठन किया है। इनमें अंबाला ग्रामीण रोहतक ग्रामीण पानीपत ग्रामीण सहित अन्य जिले शामिल हैं।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन चार नई जिला समितियों के गठन के साथ ही अब पार्टी की कुल 30 जिला समितियां पूर्ण हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया लगातार जारी है और इसे चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहे उत्साह और जोश की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के सभी स्तरों पर कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूती देने में जुटे हैं।
संगठन विस्तार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उमंग का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता एक योद्धा की तरह कार्य करेगा ताकि आगामी चुनावों में भ्रष्टाचार और अन्याय की प्रतीक भाजपा को हरियाणा की जनता निर्णायक रूप से परास्त कर सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित