जयपुर , जनवरी 10 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के वीबी जी राम जी को लेकर दिए बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकी जबकि भाजपा महात्मा गांधी का सम्मान करती है।

श्री राठौड़ ने शनिवार को अपने बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गांधीजी के नाम पर राजनीतिक लाभ लिया। महात्मा गांधी ने स्वयं कहा था कि कांग्रेस एक आंदोलन है और देश आज़ाद होने के बाद इस आंदोलन को समाप्त कर देना चाहिए लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। कांग्रेस के मूल स्वरूप को समाप्त कर दिया गया। पहले दो बैलों की जोड़ी का चुनाव चिह्न था, फिर गाय-बछड़ा, और अब हाथ का पंजा, यह किस विचारधारा की कांग्रेस है, यह सवाल उठता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रातः स्मरण में भी महात्मा गांधी सहित महापुरूषों को स्मरण किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम गांधीवादी समाज को मानते हैं, लेकिन गांधी के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि योजना के नाम में राम का नाम आता है, तो उस पर आपत्ति क्यों की जा रही है। वीबी जी रामजी पर तो कांग्रेस को धन्यवाद देना चाहिए कि जहां पहले 100 दिन का रोजगार था, उसे हमने 125 दिन किया है। आदिवासी क्षेत्रों में 150 दिन का रोजगार दिया गया है। कृषि क्षेत्र में बुवाई के समय ब्रेक की व्यवस्था की गई है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। पहले बाहर नौकरी करने वाले लोग जॉब कार्ड के आधार पर गबन करते थे, अब ऐसा नहीं होगा।

श्री राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार के समय श्री कन्हैयालाल ने शिकायत की थी कि उसकी जान-माल को खतरा है और सुरक्षा की मांग की थी लेकिन सुरक्षा नहीं दी गई। यह गलती किसकी है। उन्होंने कहा कि गहलोत दूसरों पर पत्थर फेंकते हैं जबकि उनके घर शीशे के हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित