पटना , मार्च 08 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में रविवार को संगठन सृजन कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की, जिसमें जिला पर्यवेक्षक और बीपीसीसी कनेक्ट सदस्य शामिल हुये।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने संगठन सृजन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुये सभी जिला पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिये कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाये रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन जितना मजबूत होगा, उतनी प्रभावी ढंग से जनता की समस्याओं को उठाया जा सकेगा।

प्रदेश अध्यक्ष श्री राम ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी देना है। उन्होंने पर्यवेक्षकों से निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जिलों में संगठन विस्तार का कार्य आगे बढ़ाने को कहा।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कपिलदेव प्रसाद यादव, प्रतिमा कुमारी दास, राजेश राठौड़ समेत कई नेता और जिला पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित