रायपुर , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक बैठक में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबंध में की गई कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि इस प्रकार की भाषा न केवल वरिष्ठ नेताओं का बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों का अपमान है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
निंदा प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि श्री मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल हैं और वंचित वर्गों के प्रतिनिधि स्वर के रूप में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है, जबकि राहुल गांधी आम जनता के मुद्दों को मुखरता से उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस बयान के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया।
बैठक में जिला, ब्लॉक और मंडल कमेटियों के गठन की समीक्षा, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति तथा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत किए गए कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्षों के पिछले चार महीनों के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
श्री बैज ने सभी जिलों में संगठनात्मक ढांचे की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जहां बूथ कमेटियों का गठन अधूरा है, वहां एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया पूर्ण की जाए। साथ ही पंचायत, गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने पर बल दिया गया।
बैठक में एक शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रस्ताव में उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक सेवाओं को अमूल्य बताते हुए पार्टी के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री दीपक मिश्रा, सुबोध हरितवाल सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित