जयपुर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान के खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के शासन में तो खनन माफिया हावी था, लेकिन हमारी डबल इंजन की सरकार ने अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई करके लगाम लगाई है।

श्री गोदारा ने शनिवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस के अरावली पर्वतमाला के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन को दिखावटी, बनावटी और सजावटी करार देते हुए कहा कि वर्ष 2002 और 2009 में अरावली की परिभाषा बदलने वाली कांग्रेस थी। इनके नेता अब प्राकृतिक संसाधनों को बचाने का स्वांग रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अरावली के संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सचेत सजग और प्रतिबद्ध है।

श्री गोदारा ने कहा कि श्री डोटासरा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विकास इसलिए नहीं दिखता, क्योंकि उन्होंने अपने ही हाथों से खुद की आंखे बंद कर रखी हैं। उन्होंने कहा है कि राजस्थान में कांग्रेस के पिछले शासन में अवैध खनन का रिकॉर्ड बना था। इनके द्वारा माफियाओं को मिले संरक्षण ने राज्य के पहाड़, जंगल, जमीन और नदियों की आत्मा को छलनी कर दिया।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अवैध खनन और भंडारण के विरूद्ध कार्रर्वा की है। 19 हजार से ज्यादा वाहनों और मशीनों को जब्त किया है। दो हजार से ज्यादा प्राथमिकियां दर्ज हुई हैं और 1100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित