अयोध्या , नवम्बर 15 -- सरदार पटेल के जन्म दिवस समारोह के अवसर पर अयोध्या विधानसभा में निकाली गई एकता पदयात्रा के समापन पर निर्भय औद्योगिक इंटर कालेज कर्मा में आयोजित जनसभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने हाल ही में हुए बिहार चुनाव में भाजपा गठबंधन की प्रचंड विजय को जनता का मोदी सरकार की नीतियों पर भरोसा बताया।
श्री पाठक ने कहा कि सरदार पटेल ने न केवल आजाद भारत को मजबूत स्वरूप दिया बल्कि 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर देश की एकता और अखंडता की नींव रखी। उन्होंने कहा कि कई कांग्रेस नेताओं ने रियासतों की शर्तें मानने की हिमायत की थी, लेकिन लौहपुरुष सरदार पटेल ने इसे ठुकरा दिया और भारत को आज जो स्वरूप मिला है उसका श्रेय उन्हें जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत के मजबूत होने से कभी सरोकार नहीं रहा। इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने देशहित से बड़े निर्णयों में हमेशा बाधाएं खड़ी कीं। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना जनसंघ से लेकर भाजपा की प्राथमिकता रही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में यह ऐतिहासिक कार्य सम्पन्न हुआ।
बृजेश पाठक ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में कांग्रेस की भूमिका पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में केस की सुनवाई के दौरान दस्तावेजों का अनुवाद तक समय पर नहीं होने दिया। यहां तक हलफनामा दिया गया कि "अयोध्या में रामलला पैदा ही नहीं हुए" लेकिन मोदी और योगी सरकार ने भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त किया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि यह सिर्फ एक यात्रा नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सरदार पटेल के संकल्पों का प्रतीक है। अयोध्या की जनता ने जनादेश दिया है और हम विकास, सम्मान और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि हमारी यह यात्रा राष्ट्रवाद का संकल्प और कांग्रेस की तुष्टिकरण राजनीति के खिलाफ जनआक्रोश का स्वर है। भाजपा जन-आस्थाओं के सम्मान और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित