गुवाहाटी , फरवरी 03 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि आगामी चुनावों में कांग्रेस को केवल 'मिया समुदाय' (बंगलादेशी मुस्लमानों के लिए उपयोग किया जाने वाला शब्द) के मत मिलेंगे और इस बार असमिया मुसलमानों के कांग्रेस को वोट देने की संभावना नहीं है।
श्री सरमा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "असम की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ है। कांग्रेस ने 'मियाओं' को असम आने का निमंत्रण दिया है। भाजपा असम आंदोलन के 855 शहीदों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चल रही है। अगर वे मुझे सांप्रदायिक कहते हैं, तो लाचित बोरफुकन भी सांप्रदायिक होंगे।" उन्होंने कहा कि वह 17वीं शताब्दी के अहोम साम्राज्य के सेनापति लाचित बोरफुकन की तरह मुगलों को खदेड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें सरायघाट के युद्ध में विशाल मुगल सेना को हराने के लिए जाना जाता है।
उन्होंने कहा, "असम में 26 लाख बीघा जमीन पर बंगाली भाषी मुसलमानों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। हमारी लड़ाई उनके खिलाफ है। हमारा हिंदुओं और मुसलमानों सहित असमिया लोगों के खिलाफ कुछ भी नहीं है। हम उनके खिलाफ लड़ रहे हैं जो बांग्लादेश से आए और हमारी जमीनों पर कब्जा कर लिया।" उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस को केवल 'मियांओं' के वोट मिलेंगे, लेकिन इस समय यह कहना मुश्किल है कि उन्हें कितने प्रतिशत 'मियां' वोट मिलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित